संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के बढ़या गांव में बृहस्पतिवार को एक अधेड़ की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। शव घंटों तक घटनास्थल पर पड़ा रहा। लोगों की मदद से परिजन शव को घर लेकर आए। ग्रामीणों में चर्चा है कि व्यक्ति शराब पीने का आदि था। जिससे उसकी मौत हो गई है।
बढ़या मुस्तकिल निवासनी साजमा खातून ने बताया कि ससुर अशगर (52) शराब पीने के आदि थे। ससुर अशगर सुबह बगैर कुछ बताए ही घर से निकले थे। शाम करीब 3 बजे गांव के कुछ लोगों से सूचना मिली कि गांव के पूरब एक इंटर कालेज के खेल मैदान में ससुर का शव पड़ा है। लोगों से मिली सूचना सुनकर सन्न रह गई। आनन-फानन में मौके पर पहुंची तो देखा कि घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुटी है।
मौके पर ससुर के मौत की वजह बताने को कोई तैयार नहीं है। हालांकि लोग कच्ची शराब पीने की चर्चा दबी जुबान कर रहे थे। घंटों बाद ससुर के शव को ग्रामीणों की मदद से घर लाई। फिर मायके झंझनपुर गांव गई सांस जैनब को सूचना दी। उसने बताया कि पति इस्तेखार ससुर के इकलौते लड़के हैं। जो रोजी रोटी के सिलसिले में मजदूरी करने गुजरात गए हैं। निचलौल थाना प्रभारी आनंद कुमार गुप्ता ने कहा कि मामले की जानकारी नहीं है। सूचना मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शराब पीने का शौकीन था अशगर
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पूछताछ में नाम न प्रकाशित होने की शर्त पर बताया कि मृत अशगर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। फिर भी वह शराब पीने का शौकीन था। यही वजह है कि आज उसकी मौत हो गई है। अशगर के बाद किसी प्रकार की कोई निजी भूमि नहीं बची है। कुछ दिन पहले पट्टे में मिले भूमि को भी अशगर ने बेच दिया। अब पत्नी, बहु और बेटा मजदूरी कर बच्चों को परवरिश करते थे।