युवक का शव संदिग्ध अवस्था में कमरे में मिला
फरेंदा। भैया फरेंदा चौराहे के एक मकान में खून से लथपथ युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई। युवक की मौत को लेकर लोग तरह-तरह की आशंका जता रहे हैं।
फरेंदा थाना क्षेत्र के फरेंदा बुजुर्ग निवासी जवाहिर लाल गुप्ता (33) भैया फरेंदा चौराहे पर एक मकान में रहते थे। परिवार का कोई भी सदस्य उनके साथ नहीं रहता था। शुक्रवार सुबह उनका दरवाजा नहीं खुला तो अगल-बगल के लोग दरवाजे पर जाकर देखे तो वह कमरे में मृत अवस्था में पड़े थे। जिसकी सूचना दूसरे मकान पर परिजनों को दी। परिजन कमरे में जाकर देखे तो सन्न रह गए। जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सीओ कोमल प्रसाद मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा मय फोर्स मौके पर पहुंचे। कमरे के अंदर देखा तो खून से लथपथ जवाहिर का शव पड़ा हुआ था। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, साथ ही सीने पर भी घाव बना था। जिसकी सूचना फॉरेसिंक टीम को दी गई। प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
पत्नी तीन वर्ष से बच्चों के साथ मायके में रहती है
मृतक जवाहिर लाल का पत्नी व परिवार के साथ अच्छे संबंध नहीं थे। जिसके कारण पत्नी बीते तीन वर्षों से मायके में ही रहती है। उसके दो बेटी व एक बेटा है। पति की मौत की खबर मिलते ही बच्चों के साथ मौके पर पहुंची तो कोहराम मच गया। जवाहिर चार भाइयों में दूसरे नंबर के थे।