चौक बाजार। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम सभा टीकर में बृहस्पतिवार को सुबह एक युवक (22 वर्षीय) का शव संदिग्ध परिस्थितियों पोखरे में उतराता मिला। मौके पर पहुंची चौक पुलिस व फॉरेंसिक टीम जांच में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। जानकारी के अनुसार मिठौरा क्षेत्र के टीकर गांव निवासी वसीउल्लाह बुधवार की शाम भोजन कर टहलने चला गया। काफी देर तक वह घर वापस नहीं आया तो परिजन उसे खोजने लगे, देर रात तक उसका पता नहीं चल सका। बृहस्पतिवार को घर के उत्तर की तरफ करीब पचास मीटर की दूरी पर स्थित पोखरे में कुछ ग्रामीणों ने उसका शव उतराता हुआ देखकर शोर मचाया। किसी तरह शव को बाहर निकालकर चौक पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।