सिंदुरिया थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव की घटना, मृतक के मुंह से निकला था काले रंग का झाग
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज/मिठौरा। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्रामसभा हरिहरपुर स्थित रेशम विभाग के खेत में शुक्रवार को दो दिन से घर से लापता अधेड़ का शव मिला। उसके मुंह से काले रंग का झाग निकला था। अधेड़ की पहचान हरिहरपुर निवासी 48 वर्षीय रामबदन प्रजापति के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रामबदन की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। उसका गोरखपुर में इलाज चल रहा था। जबकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण पता चल पाएगा।
पुलिस के अनुसार, सिंदुरिया थानाक्षेत्र के हरिहरपुर निवासी राम बदन घर वालों को बताए बिना दो दिन पहले लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी रिश्तेदारों में खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। शुक्रवार की सुबह 10:30 बजे खेत में काम करने गए रेशम विभाग के दैनिक श्रमिक सुदर्शन ने शव को देखकर शोर मचाया। इसके बाद लोगों की भीड़ जुट गई। रामबदन के परिजनों ने बताया कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं थी। जबकि गांव वालों का कहना है कि रामबदन नशे का आदी था।
रामबदन के पिता और भाई की मौत पहले हो चुकी है। परिवार में चार पुत्रियां सीमा, नगीना, अंशु और माधुरी और एक पुत्र मंगल प्रजापति हैं। रामबदन की सभी पुत्रियों की शादी हो चुकी है। थाना प्रभारी सिंदुरिया नासिर हुसैन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
...
31 मई को रामबदन के पुत्र मंगल की होनी है शादी
रामबदन की पत्नी मैना ने कभी सोचा भी नहीं होगा इकलौते पुत्र मंगल की शादी के पहले ही उसके सिर से पिता का साया से उठ जाएगा। एक सप्ताह पहले घर पर तिलक का कार्यक्रम हुआ था। इसमें रामबदन ने रिश्तेदारों को बुलाया था। रामबदन सुर्ती बेचते थे। पिता का साया उठ जाने से पुत्रियों सीमा, नगीना, अंशु, माधुरी व पुत्र मंगल के आंखों से आंसू नहीं रुक रहे हैं। पत्नी मैना ने बताया कि उसके पुत्र मंगल प्रजापति की शादी 31 मई को कोठीभार थानाक्षेत्र के मोजरी निवासी मुंसे प्रजापति की पुत्री से तयपै। शादी से संबंधित वाहन, बैंड बाजा, रथ आदि का इंतजाम कर लिया गया था। अचानक पति की मौत से सब कुछ सपने जैसा हो गया है।