195 परिषदीय, मान्यता प्राप्त व मदरसों को कारण बताओ नोटिस जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। यू-डायस पोर्टल पर विद्यार्थियाें व शिक्षकों की प्रोफाइल अपलोड करने में लक्ष्मीपुर ब्लाॅक के विद्यालय रुचि नहीं दिखा रहे हैं। नए सत्र में अभी तक 195 विद्यालयों ने डाटा अपलोड नहीं हुआ है। खण्ड शिक्षा अधिकारी डॉ प्रदीप शर्मा ने इन सब परिषदीय विद्यालयों ओर मदरसों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस जारी कर दो दिन में डाटा अपलोड करने का अंतिम मौका दिया है। इसके बाद इन विद्यालयों के शिक्षकों के वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी।
फर्जीवाड़ा रोकने व स्कूलों को सीधे जोड़ने के लिए शासन की ओर से यू-डायस पोर्टल विकसित किया गया है। इसके तहत सत्र के आरंभ में ही स्कूलों को उपलब्ध सुविधाएं, शिक्षकोंं की संख्या, शैक्षिक योग्यता, बच्चों की प्रोफाइल आदि ब्यौरा पोर्टल पर अपलोड करना है। शिक्षा सत्र का शुरू हुए तीन महीने से ज्यादा बीत गए, लेकिन अभी तक 195 विद्यालयों के शिक्षकों ने नामांकन संबंधी डाटा अपलोड नहीं किया है। इनमें परिषदीय, मान्यता प्राप्त स्कूल, मदरसों के नाम शामिल हैं। कई बार चेताने के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने रुचि नहीं दिखाई। ऐसे में नोटिस भेजकर विद्यालय प्रबंधन को अंतिम मौका दिया गया है।
लक्ष्मीपुर बीईओ डॉ प्रदीप शर्मा ने बताया कि यू्-डायस पोर्टल पर डाटा अपलोड न करने के मामले में ब्लाक के 195 को नोटिस भेजा गया है। उन्हें 2 दिन का समय दिया गया है। पोर्टल पर विद्यालय का ब्यौरा अपलोड करने के लिए अंतिम मौका दिया गया है। इसके बाद लापरवाही बरतने वाले विद्यालयों के खिलाफ मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई की जाएगी और परिषदीय विद्यालयों के सभी शिक्षकों का वेतन बाधित करने की संस्तुति कर दी जाएगी।