नौतनवा। कस्टम विभाग ने बृहस्पतिवार को सूचना के आधार पर क्षेत्र के सीमावर्ती गांव बैरिहवा से छापा मारा। इस दौरान लावारिस पड़ी गेहूं की खेप बरामद कर उसे जब्त कर लिया। कस्टम निरीक्षक सितेश यादव ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि भारत-नेपाल की सीमा से सटे गांव बैरिहवा में नेपाल को तस्करी के उद्देश्य से एक स्थान पर भारी मात्रा में गेहूं की खेप डंप कर रखी गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए छापा मारा तो मौके से 140 बोरी गेहूं की खेप बरामद हुई। गेहूं को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जा रही है।