महराजगंज। दिन-प्रतिदिन बढ़ रही मार्ग दुर्घटनाओं में हो रही क्षति को रोकने व सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए जिले के 260 माध्यमिक विद्यालयों में सड़क सुरक्षा क्लब गठित होंगे। क्लब की ओर से विविध जानकारी देने के साथ विभिन्न प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाएं कराई जाएंगी।
जिले में आए दिनों मार्ग दुर्घटनाओं में परिवारों को असमय अपने लोगों को खोना पड़ रहा है। यह स्थिति सभी के लिए अत्यंत मुश्किलों वाला होता है। हादसों को कम करने के लिए जिले में संचालित होने वाले 29 राजकीय विद्यालयों, 39 सहायता प्राप्त विद्यालयों व 192 माध्यमिक वित्तविहीन विद्यालयों में सड़क सुरक्षा क्लबों का गठन किया जाएगा। क्लब में प्रत्येक विद्यालय के प्रधानाचार्य अथवा प्रधानाध्यापक को अध्यक्ष, संस्था की ओर से मनोनीत एक शिक्षक को सचिव, एक शिक्षक को सदस्य, अध्यापक अभिभावक संघ समिति के एक प्रतिनिधि, दो अभिभावकों तथा कक्षा छह से 12 तक के एक-एक विद्यार्थी को सदस्य बनाया जाएगा।
ये होंगे आयोजन
- विद्यालय में सड़क सुरक्षा गैलरी बनेगी। जिसमें सड़क सुरक्षा संबंधित स्लोगन, पेंटिंग व पेपर कटिंग आदि रखी जाएगी। प्रत्येक माह में सभी बच्चों को उसे दिखाया जाएगा।
- विद्यालयों में यातायात नियमों से संबंधित स्लोगन, निबंध, भाषण, वाद-ववाद, कविता व पोस्टर प्रतियोगिता भी होगी।
- विद्यार्थियों को नेक आदमी की तरह यातायात नियमों का पालन करने का गुर सिखाया जाएगा।
- शिक्षकों, स्टाफ व विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटना मेें घायल लोगों के मदद के लिए विशेषज्ञों से प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।
जिले में संचालित होने वाले सभी माध्यमिक विद्यालयों में सड़क सुरक्षा क्लबों का गठन कराया जाना है। विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को इस बारे में निर्देशित किया जा चुका है।
अमरनाथ राय, जिला विद्यालय निरीक्षक
-