गोली चलने के बाद चमनगंज नहर पुल पर पूर्व आर्मी मैन के घर के पास जुटी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
निचलौल/झुलनीपुर। घर के पास जानवर चराने को लेकर गुरुवार सुबह हुए विवाद में पूर्व सैनिक ने हवाई फायरिंग कर दी। इसकी सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने आरोपी को बंदूक सहित हिरासत में लेकर दोनो पक्षों से तीन लोगों को शांति भंग की धारा में जेल भेज दिया है।
निचलौल थाना क्षेत्र के बैदौली पुल के पास पूर्व सैनिक रमेश तिवारी का मकान है। बताया जाता है कि नहर की पटरी पर बसे बांसफोड़ जाति के लोग सूअर पाले हैं। मुनीब नामक युवक अपने सूअर की तलाश में रमेश तिवारी के दरवाजे पर चला गया। पूर्व सैनिक का पालतू कुत्ता भोंकने लगा।
मुनीब ने लाठी लेकर कुत्ते को दौड़ा लिया। रमेश तिवारी ने कुत्ते को मारने से मना किया तो युवक व उसके घर के लोग पहुंच गए और रमेश तिवारी के दरवाजे पर गाली-गलौज करने लगे। अपने को घिरा देख रमेश तिवारी ने लाइसेंसी बंदूक से आत्म रक्षार्थ हवाई फायरिंग कर दी।
गोली की आवाज सुन आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और बीच-बचाव किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रमेश तिवारी को बंदूक समेत हिरासत में ले लिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व सैनिक रमेश तिवारी, उनके बेटे और मुनीब के खिलाफ शांति भंग की धारा में कार्रवाई की गई है।