सराफा व्यवसायी पर हमले में दो गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। फरेंदा कस्बे में मिल गेट के सामने 18 सितंबर को पूजा ज्वेलर्स के मालिक संजय वर्मा को हमलावरों ने गोली मारकर घायल कर दिया था। घटना के आठ दिन बाद पुलिस व्यवसायी पर हमला करने के आरोपी तीन लोगों में से दो को गिरफ्तार करने का दावा किया। एक अन्य आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है। पकड़े गए आरोपियों के पास से बाइक, पिस्टल एवं एक कारतूस भी बरामद हुआ है।
एएसपी आशुतोष शुक्ल ने बुधवार को कार्यालय कक्ष में घटना का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने जानकारी दी। बताया कि सराफा व्यवसायी संजय वर्मा 18 सितंबर को फरेंदा कस्बे के मिल गेट के सामने स्थित अपनी दुकान बंद कर रात में घर जा रहे थे। इस बीच बाइक सवार तीन लोग आए और संजय वर्मा पर हमला कर फरार हो गए। घायल सराफा व्यवसायी की पत्नी अंजू वर्मा निवासी रहमान मार्केट वार्ड नंबर 8 की तहरीर पर तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के पर्दाफाश के लिए पांच टीमें लगाई गई थीं। वन ग्राम भारी वैसी के पास से रणधीर यादव निवासी डोहरिया थाना चिलुआताल जिला गोरखपुर व अजीत सिंह निवासी परसिया इंदरपुर थाना श्यामदेउरवा महराजगंज को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार रणधीर के खिलाफ पनियरा, चिलुआताल थाने में हत्या समेत अन्य मामलों से केस दर्ज है। अजीत पर पिपराइच, गुलहरिया, श्यामदेउरवा थाने में लूट व अन्य मामलों में केस दर्ज है।