ट्रैक्टर-ट्राली से टकराया ट्रक, मजदूर की गई जान
- फोटो : अमर उजाला
अड्डा बाजार (महराजगंज)। नौतनवां थाने के पैसिया बाबू स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के पास नेशनल हाईवे पर ईंट लादकर नौतनवां की ओर जा रही ट्रैक्टर ट्राली में ट्रक से टक्कर लग गई। इस हादसे में ट्रैक्टर ट्राली पर सवार संपतिहा निवासी शीत बसंत (30) की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक छोड़कर चालक भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नई कोट भट्ठे से ईंट लादकर ट्रैक्टर ट्राली नौतनवां की ओर जा रही थी। ट्रैक्टर पर चालक बजरंगी के अलावा ट्राली पर मजदूर रामनाथ और शीत बसंत बैठे थे। पैसिया बाबू स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के पास ट्रक ने ट्राली में पीछे टक्कर मार दिया। जिससे ट्राली पर बैठे शीत बसंत सड़क पर गिर गए। इस हादसे में सिर में चोट लगने से शीत बसंत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बजरंगी और रामनाथ को हल्की चोटें लगीं। सूचना पर संपतिहा चौकी पुलिस के अलावा नौतनवां थानाध्यक्ष बिहागड़ सिंह यादव मौके पर पहुंचे। संपतिहा चौकी इंचार्ज प्रभुनाथ वर्मा ने बताया कि ट्रक खड़ा करके चालक मौके से भाग गया। मृतक के पिता बेचन की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।