फरेंदा। फरेंदा-महराजगंज मार्ग के मुजहना गांव के समीप ट्रक ने दो बैलगाड़ियों में टक्कर मार दी। इससे बैलगाड़ी पर सवार तीन लोग घायल हो गए और एक बैल की मौत हो गई। घटना के बाद लोगों ने ट्रक को पुलिस के हवाले कर दिया।
फरेंदा थाना क्षेत्र के गढ़वा निवासी रामप्रीत, रामसुमेर और महदेवा दूबे गांव निवासी जग्गू यादव मंगलवार की भोर में 4 बजे के करीब त्रिमुहानी नदी से बालू लाद कर घर आ रहे थे। अभी वह मुजहना गांव के पास पहुंचे ही थे कि महराजगंज की तरफ से आ रहे ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दिया।
इससे दोनों बैलगाड़ी पर सवार तीनों लोग घायल हो गए। घटना में जग्गू के एक बैल की भी मौत हो गई।
घटना को सुनकर पहुंचे स्थानीय लोग सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए। जहां से रामप्रीत की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने ट्रक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।