सिन्दुरिया चौकी से कुछ ही दूर दुकान में हुई चोरी।
- फोटो : अमर उजाला
मिठौरा। सदर कोतवाली थानाक्षेत्र के सिंदुरिया चौराहे पर दो महीने के अंतराल पर एक बार फिर चोरों ने ज्वेलरी की दुकान को निशाना बनाया। दुकान में सेंध काटकर सत्तर हजार की चोरी कर ली।
सदर कोतवाली थानाक्षेत्र के पकड़ियार बुजुर्ग निवासी नागेश की सिंदुरिया चौराहे के महराजगंज रोड पर ज्वेलरी की दुकान है।
रोजाना की भांति वह सोमवार को भी अपनी दुकान बंद कर अपने घर चला गया। मंगलवार की सुबह अगल-बगल के दुकानदारों ने नागेंद्र वर्मा को फोन कर सूचना दी। वह भाग कर दुकान पर आया। छत में सेंध काटकर डिश के केबल के सहारे चोर बाहर से अंदर की तरफ प्रवेश किए थे। लॉकर को तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी चले गए थे।
नागेश ने पुलिस चौकी सिंदुरिया में तहरीर दी है कि सोमवार की रात में चोरों ने एक किलोग्राम चांदी एवं दस ग्राम सोने के आभूषण चुरा लिया। उसके अलावा सोलह हजार के बंधक रखे गए आभूषण को भी चुरा लिया, जिसकी कीमत सत्तर हजार रुपये है। चोरों ने दो महीने पहले सिंदुरिया चौराहे के बैंक रोड पर चार दुकानों से दस लाख की चोरी कर सनसनी फैला दी थी। जिसमें चौकी प्रभारी समेत दो सिपाहियों को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया था।