मथुरानगर में एक युवक सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गया। लोगों ने सीएचसी बनकटी पहुंचाया जहां से मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया गया।
मथुरानगर निवासी हरिश्चंद का 25 वर्षीय बेटा धर्मेंद्र सोमवार को घर में अकेला था। पिता फरेंदा कस्बे में बिजली का बिल जमा करने आए थे। बताया जा रहा कि धर्मेंद्र ने कमरे में रखे मिट्टी के तेल को डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलस गया। लोगों ने घटना की सूचना पिता को दी। धर्मेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बनकटी ले जाया गया। डॉक्टरों ने हालत अत्यंत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
बताया कि धर्मेन्द्र की तबीयत काफी दिनों से खराब चल रही है। वह मानसिक रोगी है। जिसका इलाज गोरखपुर में चल रहा है। लेकिन पता नहीं उसे क्या हुआ कि आग लगा ली। डॉक्टर मुकेश गुप्ता का कहना है कि युवक के शरीर से मिट्टी के तेल की गंध आ रही थी। वह 90 प्रतिशत जल गया है। युवक सुबह सीएचसी पर इलाज कराने आया था। घटना की जानकारी पुलिस को भी नहीं है।