ठूठीबारी। भारत-नेपाल सीमा सील होने के बाद भी ठूठीबारी बार्डर पर तस्करी का खेल शुरू है। एसएसबी की सख्ती से तस्करों के मंसूबों पर पानी फिर गया। मंगलवार की रात एसएसबी की कार्रवाई में एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी, जब जवानों ने गश्त लगाते हुए बार्डर के पास पहुंचे तो 27 पेटी नेपाली शराब तस्कर बार्डर पर फेंक नेपाल के तरफ भाग निकले। एसएसबी के बीओपी इंचार्ज गौतम सेन ने बताया कि पीलर संख्या 10 बुडंतवांपुर जाने वाले पगडंडी रास्ते के पास बार्डर पर गश्त कर रहे थे। उसी दौरान नेपाल के तरफ से एक झुंड में युवक सिर पर बोरा लेकर आते दिखे। बार्डर पर एसएसबी की आहट से तस्कर बोरा फेंक नेपाल सीमा मे भाग निकले। जांच के दौरान एक साइकिल व 7 बोरी मे रखा 27 पेटी जिसमें 810 शीशी नेपाली शराब बरामद हुआ। कार्रवाई के लिये एसएसबी ने ठूठीबारी कोतवाली पुलिस को सुपुर्द कर दिया। गश्त टीम में हेडकांस्टेबल प्रवीण द्विवेदी, इरसाद अली, भानु दास शामिल रहे।