बसंतपुर गांव में स्प्रे सेंट फेंकने पर घराती और बराती भिड़ गए। दोनों तरफ से छह लोग घायल हुए हैं। बिना विवाह के ही बारात वापस लौट गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने लाकर सुलह समझौते की कोशिश की। रातभर थाने पर रहने के बाद संभ्रांत जनों की कोशिश से समझौता हुआ। वर पक्ष के लोग शादी करने के लिए मान गए।
कोल्हुई थाना क्षेत्र के शिवसहाय पुर के शिवपूजन जायसवाल के बेटे अनिल जायसवाल की शादी पुरंदरपुर क्षेत्र के बसंतपुर के राधेश्याम जायसवाल के यहां तय हुई थी। बृहस्पतिवार शाम बारात द्वार पर पहुंच गई। द्वार पूजा धूमधाम से हुआ। जयमाला की रस्म चल रही थी। वर पक्ष के कुछ लोग स्प्रे सेंट महिलाओं पर छिड़क रहे थे। घराती पक्ष के लोग मना किए पर लोग नहीं माने। जिसको लेकर कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
मारपीट के दौरान वर पक्ष के शोभनाथ जायसवाल शिवसहायपुुर व फरेंदा क्षेत्र के निरनाम पश्चिमी निवासी तौलन जायसवाल सहित दोनों पक्षों के छह से ज्यादा लोगों को गंभीर चोटें आईं। विवाद को देखकर वर पक्ष के लोग मौके से पैदल भाग कर जान बचाई। घराती पक्ष के लोगों ने दूल्हे की गाड़ी सहित कई गांड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की सूचना पर पुरंदरपुर पुलिस पहुंची और दूल्हे व उसके पिता तथा दो भाइयों को साथ ही लड़की के पिता को थाने उठा लाई। सभी घायलों को सीएचसी बनकटी लाया गया। गंभीर घायल लोगों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।