महराजगंज। घुघली से इंदरपुर मार्ग पर पचफेड़वां गांव के पास टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में टेंपो में सवार छह यात्री घायल हो गए। घायलों को लोगों की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली भेजा गया।
गुरुवार को एक टेंपो कुशीनगर के अहिरौली क्षेत्र से घुघली की आ रहा था। टेंपो अभी पचफेड़वां गांव के पास पहुंचा था कि अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। इस हादसे में रिश्तेदार के यहां जा रहे टेंपो में सवार रामनरेश (40), सविता (38), सुजाता (14), सुमिरन (10) निवासी अहिरौली जिला कुशीनगर के अलावा दिव्या (14) व नर्वदा (40) निवासी साखोपार जिला कुशीनगर घायल हो गए। दिव्या और नर्वदा निचलौल जा रही थीं। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। थानाध्यक्ष घुघली मनीष कुमार सिंह ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। कहा कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।