जिले में विभिन्न स्थानों पर शराब की दुकानों को लेकर अवाम का विरोध प्रदर्शन हर रोज हो रहा है। कहीं, आबादी के बीच तो कहीं स्कूल और मंदिर के पास शराब की दुकान खुलने का विरोध किया जा रहा है। परतावल क्षेत्र के बभनौली में महिलाओं ने झाडू और लाठी लेकर प्रदर्शन किया तो बृजमनगंज क्षेत्र के विजय सलहिया चौराहे पर रोड जाम कर गुस्से का इजहार किया गया। इस क्षेत्र में कच्ची शराब को बंद कराने की मांग भी की जा रही है।
परतावल प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के ग्राम सभा बभनौली में देशी शराब की दुकान गांव के बगल में ही स्थापित कराए जाने के विरोध में महिलाओं ने झाड़ू और लाठियां लेकर सड़क पर प्रदर्शन किया। सभी ने एक स्वर में कहा कि शराब की दुकान नहीं हटी तो आंदोलन तेज होगा।
बभनौली गांव में पेट्रोल पंप के पास से देशी शराब की दुकान हटाकर शिव मंदिर के समीप खोली जा रही है। इससे गुस्साए ग्रामीणों का कहना है कि इसी रास्ते बच्चियां रोजाना स्कूल पढ़ने जाती हैं। ऐसे में कभी भी कुछ हो सकता है। कहा कि हम लोग किसी भी कीमत पर शराब की दुकान नहीं खुलने देंगे। इस दौरान सरिता देवी, ममता देवी, श्रीमती, फ़ुलवारी, शाहीजा, अंकिता, पूजा, सुरेंदर प्रजापति, चंद्रप्रकाश यादव, धर्मेन्द्र यादव, राजेंद्र यादव, राजू, रज्जाक, अरुण, अजय, दुर्गेश प्रदीप शैलेश, शनि, कन्हैया प्रजापति के अलावा तमाम लोग मौजूद रहे।
बृजनमगंज और लेहड़ा प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में कच्ची शराब के कारोबार के खिलाफ महिलाओं ने मंगलवार को मोर्चा खोल दिया है। आक्रोशित महिलाओं ने फरेन्दा बृजमनगंज रोड जाम कर दिया। पुलिस की ओर से त्वरित कार्रवाई के आश्वासन पर शांत हुए।
मंगलवार को क्षेत्र के दर्जनभर गांव की महिलाओं ने कच्ची शराब के कारोबारियों पर तत्काल पूर्ण रूप से अंकुश लगाने की मांग को लेकर फरेंदा बृजमनगंज रोड पर विजय सलहिया चौराहे पर इकठ्ठी होकर क्षेत्र में चल रहे कच्ची शराब के कारोबार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी करते हुए रोड जाम कर दिया। काफी देर तक रोड जाम रहा। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष चंद्रेश यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस कारोबार में जो भी लिप्त पाए जाएंगे बख्शे नहीं जाएंगे। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। तब जाकर महिलाओं का आक्रोश थमा और रोड जाम समाप्त हुआ। इस दौरान लक्ष्मीना देवी, अनारी देवी, विमल, रामवती, सरस्वती, संतोला देवी, रम्भावती देवी, अकालमती, शोभा, फूला देवी, निर्मला के अलावा तमाम महिलाएं मौजूद रहीं।
महिलाओं ने घेरी पुलिस चौकी
धानी बाजार।
क्षेत्र में कच्ची शराब की बिक्री होने के विरोध में कानापार गांव की महिलाओं ने धानी फरेन्दा-नौगढ़ मार्ग को जाम कर गुस्से का इजहार किया। साथ ही पुलिस चौकी का घेराव भी किया। बाद में अधिकारियों की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर जाम समाप्त हुआ।
प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं का आरोप है कि पुलिस उनका उत्पीड़न कर रही है। कच्ची शराब का धंधा पुलिस की शह पर हो रहा है। महिलाओं का कहना है कि धरना-प्रदर्शन के पहले ही दिन 25 पेटी अवैध शराब पकड़ी गयी थी। लेकिन पुलिस ने उस व्यक्ति का चालान नहीं किया बल्कि छोड़ दिया। उल्टे आज एक महिला सिपाही और चौकी के सिपाहियों ने कच्ची शराब का विरोध कर रहीं महिलाओं को मारपीट कर हस्ताक्षर बनवा लिया गया। इससे नाराज महिलाओं ने चौकी धानी को दोपहर में लगभग एक घंटे घेरे रखा। उपजिलाधिकारी फरेन्दा, क्षेत्राधिकारी फरेन्दा और बृजमनगज थानाध्यक्ष के पहुंचने पर धरना कर रहीं महिलाओं ने चौकी इंचार्ज और कच्ची शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इस मसले पर कार्रवाई की जाएगी। तब जाकर चक्का जाम समाप्त हुआ। इस अवसर पर कानापार ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गोपाल सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजय सहानी, युवा समाज सेवी राहुल शर्मा, डॉ कुंवर पाल सिंह,अशोक भाई गुप्ता, चन्द्रावती देवी, शारदा देवी, चन्द्रा, राजमती देवी, कान्ती देवी, इन्द्रावती, सन्जू, जानकी, बासमती, सुमित्रा, आदि मौजूद रहे।