अवैध शराब का धंधेबाज पकड़ा गया।
- फोटो : अमर उजाला
कवलदह उर्फ सैलदह चौराहा पर पिछले आठ माह से चल रही शराब की अवैध धंधेबाजी का भंडाफोड़ तब हो गया, जब रविवार को करीब 12 बजे दुकान सजते ही ग्रामीणों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। हालांकि, पुलिस सूचना के चार घंटे बाद मौके पर पहुंच पाई। लेकिन गांव वाले आरोपियों को पुलिस को सौंपने के बाद ही माने।
पुरंदरपुर थाना के कवलदह उर्फ सैलदह चौराहा पर पिछले आठ माह से शराब की दुकान सजाई जा रही थी। इसके सेवन से तमाम लोगों की तबियत बिगड़ने पर गांववालों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। कोई कार्रवाई न होने से गांववालों में आक्रोश था। रविवार को गांव के विरेंद्र्र, अखिलेश, इंद्रमन, अमरेश, सुदर्शन, पंकज और दिलीप सहित कई लोगों ने उसे पकड़ने का मन बना लिया।
रोज की तरह दुकान सजते ही घेरा बंदी कर सभी को दो पेटी शराब के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान पुरंदरपुर थाना के ही सूरपार निवासी हरखू, अनिल के रूप में हुई। गांव वालों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर जाने के बजाए चार घंटे तक मामला मैनेज कराने की कोशिश की।
मामला निपटने के बजाय उलझता देख गांववालों की जिद पर पुलिस बैकफुट पर आ गई। लिहाजा सूचना के बाद तीन किमी. की दूरी पर पुलिस चार घंटे मौके तक पहुंच पाई। शराब के साथ आरोपियों को पुलिस के हवाले करने के साथ ही गांववालों ने कार्रवाई करने की मांग की है। एसओ पुरंदरपुर चंद्रेश यादव ने बताया कि मामले में जांच कराकर कार्रवाई की जा रही है। शराब के जहरीले होने की आशंका है।