ठूठीबारी। नेपाल में बुधवार को एक छोटा यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चालक दल समेत विमान में सवार सभी 23 लोगों की मौत हो गई। तारा एयर के विमान नंबर 9एन-ए एचएच ने सुबह 7.57 मिनट पर पर्यटन शहर पोखरा से जोमसोम के लिए उड़ान भरी।
खराब मौसम के चलते 13 मिनट बाद 8.10 बजे उसका एयरपोर्ट से संपर्क टूट गया। इस छोटे विमान में दो बच्चे और दो विदेशी नागरिक सवार थे। यात्रियों में कोई भारतीय नागरिक नहीं था। माना जा रहा है कि कम दृश्यता के कारण यह दुर्घटना हुई। देश के पश्चिमी जिले मयाग्दी में विमान का मलबा बरामद किया गया। उसके चारों तरफ यात्रियों के शव पड़े थे।
नेपाल के संस्कृति, पर्यटन और नागरिक उड्डयन मंत्री आनंद पोखरेल ने बताया कि विमान का मलबा सोलिघोप्टेघोप्टेमीर के केकरभुट्टा जंगल में बरामद किया गया। विमान में चालक दल के तीन सदस्यों के साथ 18 नेपाली और दो विदेशी नागरिक थे। एक विदेशी नागरिक चीन और दूसरा कुवैत का था। दुर्घटना स्थल पर मौजूद बचाव टीम के मुताबिक दुर्घटना के तुरंत बाद विमान में आग लग गई।
नेपाल के नागरिक प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना स्थल के आसपास के लोगों का कहना है कि दूरदराज के इलाके में उन्होंने तेज विस्फोट की आवाज सुनी। शुरुआती जांच से पता चला कि इलाके में दृश्यता बहुत कम थी।