सिसवा बाजार। कोठीभार थानाक्षेत्र के ग्राम सभा बड़हरा महंत में मंगलवार की रात आठ बजे शंभू केवट ने दिलेरी दिखाते हुए लूट की घटना को अंजाम देने आए दो बदमाशों में से एक को धर दबोचा और ग्रामीणों की मदद से उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
बड़हरा महंत निवासी शंभू केवट अपनी पत्नी भगवती देवी के साथ मंगलवार अपराह्न सिसवा कस्बा स्थित एसबीआई से पैसा निकालने के लिए आए थे। बैंक में भीड़ होने के कारण शाम हो गई। कस्बे से कुछ घरेलू सामान की खरीदारी कर दोनों पति-पत्नी अपने घर के लिए साइकिल से चल पड़े। लगभग आठ बजे जैसे ही वे अपने गांव के करीब पहुंचे बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और तमंचा तानकर पैसे की मांग करने लगे। शंभू ने साहस दिखाते हुए झपट कर तमंचे को पकड़ लिया और बदमाश को दबोच लिया।
शंभू की पत्नी भगवती देवी ने शो मचाकर गांव वालों को एकत्र कर लिया। भीड़ को आता देख एक बदमाश बाइक लेकर फरार हो गया। गांव वालों ने पकड़े गए बदमाश की जमकर धुनाई की और कोठीभार पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए बदमाश की पहचान बीजापार लोनिया टोला निवासी प्रह्लाद चौहान के रूप में हुई। उसके पास से एक अदद देसी तमंचा और एक कारतूस भी बरामद हुआ। मामले में थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त पर लूट के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है तथा उसके दूसरे साथी की भी तलाश जारी है जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा।