सोनौली। कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत जगन्नाथपुर टोला पंडितपुर में रविवार रात करीब नौ बजे ट्रैक्टर चलाना सीख रहे 15 वर्षीय किशोर की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी नौतनवां पहुंचाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तीरथ उर्फ जुगनू का 15 वर्षीय पुत्र रोहित पासवान पूर्व प्रधान बैजनाथ यादव के कंबाइन पर काम करता था। रविवार रात ट्रैक्टर चालक सुभाष और परसा मलिक थाना क्षेत्र के महरी निवासी जयकरण के साथ वापस लौट रहा था। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के जगन्नाथपुर पेट्रोल पंप के पास गाड़ी खड़ी कर चाबी लेकर चालक सुभाष अपने घर खाना खाने चला गया।
रोहित और उसका साथी जयकरण वहां रुक गए। रोहित ने किसी तरकीब से ट्रैक्टर को चालू कर दिया। गियर बदलते ही ट्रैक्टर सरपट दौड़ने लगा। रोहित उसे संभाल नहीं पाया और ट्रैक्टर पलट गया। रोहित उसके नीचे दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जयकरन छिटक कर दूर जा गिरा। उसका हाथ टूट गया। सूचना पाकर ट्रैक्टर मालिक बैजनाथ यादव अपने पुत्र दिलीप यादव के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और घायल जयकरण को सीएचसी नौतनवां में भर्ती कराया।
परिवारीजनों का कहना है कि रोहित की मौत की खबर तब दी गई, जब शव को पुलिस लेकर जाने लगी। उसकेे बाद रोते-बिलखते घर वाले ग्रामीणों के साथ भोर में कोतवाली पहुंचे। कार्यवाहक कोतवाल राज प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की छानबीन की जा रही है।