महराजगंज/अड्डा बाजार। नेपाल सीमा से सटे कुरहवां गांव में रविवार शाम एसएसबी के जवानों और स्थानीय लोगों में संघर्ष हो गया। इस दौरान एसएसबी फायरिंग की जद में आकर एक युवक की जान चली गई।
एसएसबी अफसरों का कहना है कि नेपाल से शराब ला रहे तस्करों को रोकने के दौरान जवानों पर हमला किया गया। बचाव में फायरिंग करनी पड़ी। ग्रामीणों ने एसएसबी जवानों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए कहा है कि इसका विरोध करने पर जवानों ने गोली चला दी।
इस घटना में जान गंवाने वाला कुरहवां निवासी कमलेश पासवान है। एसएसबी की गोली से घायल होने पर उसे नौतनवां सीएचसी लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई अखिलेश पासवान ने एसएसबी जवानों पर छोटे भाई की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
अखिलेश सहित गांव के अन्य लोगों का कहना है कि कुछ जवान आबादी में घुसकर छेड़छाड़ कर रहे थे। इस पर आपत्ति करते युवकों पर गोली चला दी। एसएसबी के डिप्टी कमांडेंट दिलीप कुमार झा का कहना है कि नेपाल से शराब लेकर आ रहे युवकों ने एसएसबी की पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला कर रायफल छीनने का प्रयास किया। बचाव में जवानों ने गोली चलाई थी। हमले में एसएसबी के जवान अनुभव प्रताप सिंह, वासिद अली, रमेश कुमार घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार दिलाया जा रहा है।
घटना से लोगों के बीच आक्रोश और माहौल में तनाव गहराने पर बरगदवां, परसामलिक, सोनौली, कोल्हुई, बृजमनगंज और फरेंदा थानों की फोर्स मौके पर भेजी गई। एएसपी आशुतोष शुक्ला, एसएसबी कमांडेंट शिवदयाल ने भी मौके का मुआयना किया। एएसपी आशुतोष शुक्ल का कहना है कि मृतक के भाई की ओर से थाने को तहरीर मिली है। दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कराई जा रही है।