फुफेरे भाई के प्यार में पागल थी पुनीता
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज।प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारने की साजिश रचने के बाद पुनीता ने 16 मई को हरेंद्र से ईटहियां शिव मंदिर में दर्शन के लिए जाने की इच्छा प्रकट की, जिसे उसने स्वीकार कर लिया।
एएसपी आशुतोष शुक्ल के मुताबिक दोनों मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे, जहां पुनीता के कहे मुताबिक छोटेलाल पहले से मौजूद था। उनके बीच बातचीत होने लगी। बाद में पुनीता के बुआ के बेटे छोटेलाल ने हरेंद्र को शराब पीने की बात कही। हरेंद्र तैयार हो गया। नशा चढ़ने के बाद छोटेलाल और पुनीता उसे बाइक से करमहियां बाजार जंगल के पास ले गए और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने ईंट से हरेंद्र के सिर पर कई वार भी किए। जब दोनों को भरोसा हो गया कि हरेंद्र की मौत हो गई है तो वे वहां से खिसक गए। काम को अंजाम देने के बाद दोनों को यकीन था कि किसी को इस बात की भनक नहीं लगेगी कि हरेंद्र की हत्या उन्होंने की है, लेकिन पुलिस ने 48 घंटे के भीतर ही हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। पुनीता के कृत की जानकारी मिलने पर हर कोई हैरान है। लोगों में तरह-तरह की चर्चा हो रही है। हर कोई पुनीता और छोटेलाल की निंदा कर रहा है।