आनंदनगर में बेपटरी हुई मालगाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
फरेंदा। आनंदनगर रेलवे स्टेशन पर शंटिंग के दौरान मालगाड़ी का एक पहिया पटरी से उतर जाने से रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। दो घंटे की मशक्कत के बाद वैगन को पटरी पर लाया गया। हालांकि इससे ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ।
मालगाड़ी गोरखपुर से नौतनवां गई थी। वहां से आनंदनगर रेलवे स्टेशन पर लौटी मालगाड़ी को गोंडा भेजने की तैयारी चल रही थी। बृहस्पतिवार सुबह 11: 05 बजे शंटिंग के दौरान प्लेट फार्म नं. 5 के गुड्स यार्ड पर बोगी के आपस में टकराने के कारण इंजन के पीछे वाले वैगन का एक पहिया पटरी से उतर गया।
मालगाड़ी के पटरी से उतरने की सूचना मिलते ही एईएन संयोग श्रीवास्तव, डीएसटीई दिनेश श्रीवास्तव के साथ अनेक टेक्निकल कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और वैगन को पटरी पर लाने में जुट गए। करीब दो घंटे के प्रयास के बाद रेल कर्मचारियों को सफलता मिली। कर्मचारियों ने 1:20 बजे रेलवे ट्रैक पर लाया गया। इस दौरान टीआई आरके दूबे, डीएन उपाध्याय, कैरेज सेक्शन पीके दूबे, आशुतोष, एसएस गुफरान अहमद आदि लोग रहे।