जमाकर्ताओं के छह करोड़ रुपये हड़पने का मामला अमर उजाला ब्यूरो कोठीभार। जमाकर्ताओं के छह करोड़ रुपये हड़पने वाली गुडलक इंडिया माइक्रो फाइनेंस कंपनी के एमडी राजेश पासवान को कोठीभार पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। कोठीभार थाना क्षेत्र में चार वर्षों के दौरान जमाकर्ताओं की गाढ़ी कमाई के छह करोड़ रुपये लेकर कंपनी ने पिछले दिनों अपना दफ्तर बंद कर दिया था। इस पर जमाकर्ता ग्राम चैनपुर निवासी रविंद्र चौधरी ने कंपनी के नौ जिम्मेदारों पर कोठीभार थाने में नामजद तहरीर देकर धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज, षडयंत्र, धमकी आदि संगीन धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया था। इसी क्रम में सोमवार को कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश पासवान निवासी ग्राम हरपुर माफ़ी जिला कुशीनगर को बेलवांघाट से गिरफ्तार कर लिया। कंपनी के मुख्य प्रबंध निदेशक खजांची कुशवाहा अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। एसओ अरुण कुमार राय ने बताया कि बाकी आरोपी भी जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।