सिसवा में सड़क दुर्घटना में घायल युवक।
सिसवा बाजार/निचलौल। जायसवाल नगर स्थित पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार शाम तीन बजे एक युवक साइकिल सवार को बचाने में गंभीर जख्मी हो गया। लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां स्थिति बिगड़ती देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कोठीभार क्षेत्र के हरपुर पकड़ी निवासी बेचई जायसवाल का बेटा रोहित दुकान का सामान लेने के लिए सिसवा कस्बा स्थित सब्जी मंडी आ रहा था। जायसवाल नगर स्थित पेट्रोल पंप के पास साइकिल से आ रहे सोनबरसा के बाबूलाल बाइक की रफ्तार देख अनियंत्रित हो गए। उन्हें बचाने के चक्कर में रोहित की बाइक बाबूलाल के साइकिल में फंस गई। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की मदद से दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान रोहित की तबीयत बिगड़ती देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
निचलौल प्रतिनिधि के मुताबिक झुलनीपुर मार्ग पर सेमरहना के पास दो बाइक सवार घायल हो गए।उन्हे गांव वालों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। खबर के मुताबिक ओड़वलिया निवासी मनोज व मिंलटन शादी का निमंत्रण बांटने झुलनीपुर गए थे ।शाम को वापस लौटते समय सेमरहना के पास निचलौल की तरफ से जा रही बाइक से आमने सामने की टक्कर हो गई। जिसमें दोनों घायल हो गए।