एकसड़वा चौकी के पास रोडवेज बस ड्राइवर के बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी कर देने से लगा जाम।
- फोटो : अमर उजाला
कोल्हुई। मारपीट कर रुपये और मोबाइल छीन लिए जाने से गुस्साए रोडवेज के चालक और कंडक्टर ने हाईवे पर कोल्हुई थाना क्षेत्र के एकसड़वा चौकी के पास बीच सड़क में बस खड़ी कर दी। इससे मुख्य सड़क करीब एक घंटा जाम रही। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटवाया।
बताया जाता है कि चालक राम और परिचालक संतोष सौनौली डिपो की बस लेकर बृहस्पतिवार को दिल्ली से चल कर सुबह दस बजे जैसे ही मोहनापुर पहुंचे थे कि तीन युवक बस में चढ़ गये और कोल्हुई का टिकट बनाने के लिए कहे। परिचालक ने स्टापेज न होने की बात कह कर तीनों को उतार दिया।
इस बात से नाराज युवक किसी गाड़ी से पीछा कर बस को रास्ते में रोक लिया और ड्राइवर और कंडक्टर की जमकर धुनाई कर दी। नाराज ड्राइवर ने बस को एकसड़वा चौकी के पास बीच रोड पर बस खड़ा कर दिया। बताया जाता है कि युवकों ने चालक परिचालक के साथ ही कई यात्रियों को भी पीटा तथा उनकी मोबाइल और कुछ पैसे भी ले लिए। पुलिस ने मामले को शांत कराया। पुलिस तीनों की तलाश कर रही है।