कोठीभार(महराजगंज)। सिसवा-निचलौल मुख्य मार्ग पर कोठीभार क्षेत्र के दुर्गवलिया गांव के पास बाइक और जीप की टक्कर में बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौके पर मौत हो गई। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सिसवा पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची कोठीभार पुलिस ने किसी तरह जाम समाप्त कराया। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था। ग्रामसभा बलहीखोर निवासी बलिराम गर्भवती भाभी निर्मला का अल्ट्रासाउंड कराने भतीजे नीतीश के साथ बाइक से सिसवा जा रहे थे। दुर्गवलिया गांव के पास अनियंत्रित जीप से टक्कर हो गई। हादसे में बलिराम और भतीजे नीतीश की मौत हो गई। जीप चालक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने दुर्घटना की सूचना यूपी-100 को देकर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। यूपी-100 की गाड़ी पहुंचने पर ग्रामीण पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। ऐसे में यूपी-100 मौके पर न रुककर आगे बढ़ गई। इस पर ग्रामीण और उग्र हो गए। घटना के ठीक एक घंटे बाद कोठीभार एसओ सर्वेश सिंह मय फोर्स तथा एसडीएम निचलौल देवेंद्र कुमार, सीओ रणविजय सिंह, तहसीलदार मौके पर पहुंचे। जीप चालक पर कार्रवाई तथा डग्गामार वाहनों की आरटीओ से जांच कराने के आश्वास के बाद ग्रामीणों ने जाम को हटाया।