शादी का कॉर्ड बांटने जा रहे पिता की हादसे में मौत
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। शहर से सटे फरेंदा मार्ग पर केएमसी अस्पताल के पास बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में घायल व्यक्ति की मौत हो गई। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था। पुलिस ने शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेटे की शादी से पहले ही पिता की अर्थी उठते देख लोग फफक पड़े।
पिपरा खुर्द थाने के पनियरा निवासी सुभाष (48) और उनकी पत्नी लौंगा देवी (45) गुरुवार की रात बाइक पर सवार होकर बेटे की शादी का कॉर्ड लेकर ससुराल मधुबनी गांव जा रहे थे। महराजगंज शहर से सटे केएमसी अस्पताल के पास महराजगंज की तरफ से आ रहे बाइक से आमने-सामने उनकी बाइक टकरा गई। इस हादसे में सुभाष गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि पत्नी लौंगा देवी को हाथ-पैर में चोट लगी। हादसे में घायल पति-पत्नी को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सुभाष की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में सुभाष की हालत में कोई सुधार न होने पर चिकित्सकों ने पीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन इलाज के लिए उन्हें पीजीआई लखनऊ ले जा रहे थे कि बाराबंकी के पास सुभाष (48) की मौत हो गई। गांव के लोगों ने बताया की सुभाष गांव में रह कर ही मजदूरी करके परिवार के लोगों भरण-पोषण करते थे। उनसे एक बेटा और एक बेटी हैं। बेटे मनोज की तिलक तीन मई और 14 मई को शादी तय है। बेटी रोशनी और पत्नी लौंगा का रो रो कर बुरा है। कोतवाल सदर रामदवन मौर्य ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में गैर इरादतन हत्या की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।