सदर कोतवाली में सिपाही की बीट रजिस्टर चेक करते आईजी मोहित अग्रवाल, मौजूद एसपी भारत सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। शनिवार को आईजी मोहित अग्रवाल ने कहा कि पूरे जोन में पंद्रह हजार अपराधी है। उसमें से जिले में 918 अपराधियों की सूची है। सभी अपराधियों की थानेवार सूची तैयार कर थाने और सार्वजनिक स्थलों पर लगवाई जाएगी, जिससे क्षेत्र के अलावा अन्य जगहों के लोग अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को जान सकें। जिले के दौरे पर आए आईजी जोन पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अपराधियों के अंदर एक प्रकार का भय पैदा करने के लिए भी इस प्रकार के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस लाइंस में अधिकारियों के साथ बैठक में आईजी ने सभी इंस्पेक्टर व थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपने अपने क्षेत्र के अपराधियों की सूची के अलावा बीट के सिपाहियों को भी फोटो सहित रजिस्टर तैयार कराएं। जिससे उस अपराधी के पल-पल की सूचना एसओ को मिलती रहे। अपराधी के सभी कार्यों के अलावा उसके संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में भी जानकारी रखनी जरूरी है। उन्होंने बार्डर पर हो रही तस्करी के बारे में एसपी से कहा कि वे एसएसबी, एलआईयू व इंटेलीजेंस के अलावा अपने अधिकारियों के साथ बैठक कर तस्करी को रोकने के उपाय करें। ट्रेन से तस्करी रोकने के लिए उन्होंने रेलवे के अधिकारियों के साथ भी बैठक करने का निर्देश दिया।
रजिस्टर पर फोटो न होने पर बीट सिपाही को फटकारः कोतवाली में निरीक्षण के दौरान आईजी मोहित अग्रवाल ने बीट के सिपाही का रजिस्टर चेक किया। रजिस्टर में अपराधी का फोटो न होने पर सिपाही को फटकार लगाई। वहीं दरोगाओं के पास एक जैसा रजिस्टर न होने पर भी नाराजगी जताई। कोतवाली में अपराधियों की फाइल देखी। उन्होंने कहा कि फाइल में अपराधियों के फोटो लगाने की जरूरत है।
दरोगाओं के निरीक्षण के दौरान नगर चौकी इंचार्ज विकास यादव के खास स्टाइल को लेका आईजी ने उन्हें फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान कोतवाली परिसर की साफ सफाई पर सदर इंस्पेक्टर टीपी श्रीवास्तव को बधाई दी और कहा कि इसी तरह हमेशा परिसर की साफ-सफाई रखी जाए। जाते-जाते आईजी ने कहा कि अभी समय नहीं है। किसी सिपाही या दरोगा के खिलाफ कार्रवाई करने नहीं आया हूूं। उसके बाद आने पर इंस्पेक्टर, दरोगा व सिपाही से किसी भी प्रकार की गलती पाए जाने पर कार्रवाई तय है।