सोनौली(महराजगंज)। भारत नेपाल सीमा सोनौली में जांच के दौरान एक साधु के पास से कस्टम अधिकारियों ने 20 हजार अमेरिकी डॉलर बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार की रात 10 बजे काठमांडू से दिल्ली चलने वाली बस सोनौली पहुंची। नेपाल पुलिस और एसएसबी की जांच के बाद बस कस्टम बैरियर पर पहुंची।
यहां कस्टम के अधिकारियों ने जांच की तो बस में बैठे एक साधु की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ में पता चला कि वह दिल्ली जा रहा है। संदेह के आधार पर उसे बस से उतारकर कस्टम ऑफिस ले जाया गया। उसकी गहनता से जांच करने पर उसके लंगोटे से 20 हजार अमेरिकी डॉलर बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम इनडप नमग्याल निवासी कारगिल जम्मू-कश्मीर बताया। उसने यह भी बताया कि उसे यह रकम एक व्यक्ति ने काठमांडू में दी थी। इसे दिल्ली तक पहुंचाना था।
कस्टम अधीक्षक मुहम्मद सुहैल ने बताया कि रात में इंस्पेक्टर पीके सिंह और केशव सिंह की सघन जांच में एक साधु के पास से 13 लाख पांच सौ रुपये मूल्य के बीस हजार अमेरिकी डॉलर बरामदे हुए हैं। साधु यह रकम तस्करी के जरिए भारत में ले जा रहा था। उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है कि तस्करी के इस धंधे में उसके साथ कौन कौन लिप्त है। पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।