चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। घुघली क्षेत्र में जनवरी एवं फरवरी माह में विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं का शुक्रवार को पुलिस ने पर्दाफाश करने का दावा किया। पुलिस ने चोरी के मामलों में अंतरजनपदीय चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी के सामान बिहार और नेपाल में ले जाकर बेचते थे। आरोपियों के पास से तीन इनवर्टर बैटरी, 22 मोबाइल, 13 मोबाइल बैटरी, तीन ईयर फोन, दो डाटा केबल, 17 मोबाइल चार्जर, तीन स्पीकर, दो लैपटॉप, माउस, 300 रुपये नकद, दो आधार कार्ड व 15 नए टी-शर्ट सहित अन्य सामान बरामद हुए हैं। आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष शुक्ल ने बताया कि जफरूउद्दीन निवासी सोहसा पट्टी गौसी पट्टी थाना कसया जनपद कुशीनगर, तबरेज आलम निवासी करबला टोला लक्ष्मीपुर थाना कुबेरस्थान जनपद कुशीनगर, इब्राम सिद्दीकी निवासी सेमरा थाना कुबेरस्थान और गंगा मद्धेशिया निवासी टेकुआटार थाना रामकोला जनपद कुशीनगर काे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि भाड़े पर बोलेरो लेकर रात में दुकानों के शटर तोड़कर चोरी करते थे। चोरी के सामान को बिहार व नेपाल ले जाकर बेचते थे। बताया कि 23 जनवरी की रात घुघली कस्बे में एक आभूषण की दुकान का ताला तोड़ कर लोहे की तिजोरी उठा ले गए थे। जिसमें रखे सामान को नेपाल में बेच दिया गया है। इसके अलावा 18 और 19 फरवरी को रात में घुघली क्षेत्र में तिवारी चौक व भुवनी में मोबाइल की दुकानों में चोरी की जानकारी दी। इसी तरह 19 और 20 फरवरी को जखीरा चौराहा व 20 और 21 फरवरी को इंदरपुर थाना कप्तानगंज जनपद कुशीनगर, 31 जनवरी और एक फरवरी को भिटौली बाजार थाना कोतवाली में आभूषण की दुकान में भी चोरी की जानकारी दी। जिसका सामान नेपाल ले जाकर बेच दिए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान अहिरौली बाजार थाना कसया जनपद कुशीनगर से एक दुकान से बरामद किया गया।