रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव
- फोटो : अमर उजाला
नौतनवां(महराजगंज)। थाना क्षेत्र के गांव बगहा के पास रविवार की सुबह लगभग सात बजे गणेश चौरसिया के छोटे बेटे अनिल चौरसिया (18) का शव रेल लाइन पर मिला। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंच कर शव घर ले आए। इसकी जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत पर परिजनों को रो - रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि गणेश चौरसिया के तीन बेटों में अनिल सबसे छोटा था। शनिवार को परिजनों से उसकी कुछ कहासुनी हुई। बार - बार इधर - उधर भागता था, तो बड़े भाई विजय दो बार उसे पकड़कर ले आए। उसके बाद उसको बिस्तर पर उन्होंने लिटा दिया। जब वह सो गया तो परिजन भी सो गए। सुबह लोगों की जब नींद खुली तो अनिल बिस्तर पर नहीं दिखा। परिवार के लोग उसकी खोजबीन करने लगे। इसी बीच किसी ने उसे रेलवे ट्रैक पर देखा तो परिजनों को जानकारी दी। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और अनिल का शव उठाकर घर लाए। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। जाकारी मिलने पर मौके पर सीओ डॉक्टर धर्मेंद्र कुमार यादव तथा थानाध्यक्ष नौतनवां राजेश कुमार रुहेला ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। थानाध्यक्ष ने बताया कि अनिल के पिता गणेश चौरसिया ने तहरीर दी है कि उनका पुत्र अनिल शराब पीता था। नशे में होने पर उसकी दिमागी संतुलन ठीक नहीं रहता था। वह बीती रात में घर से निकलकर गया। उन्होंने आशंका जताई है कि घर से निकलकर जाने के बाद ट्रेन से कटकर उसकी मौत हो गई होगी।