स्क्रैप धमाके के कारणों की जांच के लिए आगरा और लखनऊ की प्रयोगशालाओं की मदद ली जाएगी।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज के ठूठीबारी में हुए स्क्रैप धमाके के कारणों की जांच के लिए आगरा और लखनऊ की प्रयोगशालाओं की मदद ली जाएगी। स्क्रैप के अवशेष आगरा की फॉरेंसिक लैब और मृतकों की त्वचा का सैंपल लखनऊ की विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि विस्फोट का कारण कंप्रेशर था या कुछ और।
ठूठीबारी का केवटान टोला बृहस्पतिवार दोपहर धमाके से गूंज उठा था। शुरूआती जानकारी में स्क्रैप से छांटी गई गोलाकार वस्तु को छैनी-हथौड़े से काटते समय हुए तेज धमाके में बिकाऊ और उसके पांच साल के भतीजे अमन की मौत हो गई थी।
वहीं तीन घायलों को जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। जहां एक की हालत नाजुक बनी हुई है। उधर, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता पहले ही विस्फोट की बात को खारिज कर चुका है। फिर भी धमाके के कारणों को जानने के लिए बिकाऊ और उसके भतीजे की त्वचा के सैंपल को लखनऊ विधि विज्ञान प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। वहीं साथ ही विस्फोट के दौरान मिले अवशेष की जांच आगरा की फॉरेंसिक लैब में कराई जाएगी। दोनों रिपोर्ट के आने के बाद ही विस्फोट के कारणों के बारे में पता चलेगा।
एसपी भारत सिंह ने बताया कि ठूठीबारी विस्फोट के लिए एएसपी के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है। त्वचा के सैंपल लखनऊ विधि विज्ञान प्रयोगशाला और विस्फोट के अवशेष आगरा की फॉरेंसिक लैब में भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद विस्फोट के कारणों के बारे में पता चलेगा। मामले में अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।