बस स्टेशन पर मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग
रोडवेज कर्मचारियों ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। यूपी रोडवेज इंप्लाइज यूनियन की जिला इकाई ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर 28 नवंबर को बस स्टेशन पर हुई मारपीट के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि 28 नवंबर की शाम परिचालक वीरेंद्र सिंह बस में सवारी बैठा रहे थे। आरोप लगाया सवारी बैठाए जाने के दौरान कुछ प्राइवेट बस संचालकों ने परिचालक को मारपीट कर घायल कर दिया। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि परिचालक को आरोपियों ने जलाने की कोशिश की और बैग में रखे टिकट एवं मार्ग पत्र लेकर भाग गए। उन्होंने आरोप लगाया कि रोडवेज बस स्टेशन के गेट पर प्राइवेट वाहन संचालकों के स्टॉफ सवारी बैठाते हैं, जबकि रोडवेज बस स्टेशन के एक किलोमीटर की परिधि में कोई भी प्राइवेट वाहन खड़ी कर यात्री नहीं बैठा सकता है। उन्होंने मारपीट में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि आरोपियों के खिलाफ अविलंब कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंध भुनेश्वर कुमार, रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष कीर्ति नायक, राकेश मणि त्रिपाठी, देवेश पांडेय, बकाउल्लाह अंसारी, कुलदीप चौधरी, राधे रमण, सुनील कुमार उपाध्याय, गिरजेश जायसवाल, उमाशंकर, सुरेश राम, सतीश नायक, जितेंद्र आदि मौजूद रहे।