कार की चपेट में आने से ससुराल आए युवक की मौत
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया
कार्रवाई के लिए पुलिस कर रही तहरीर मिलने का इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के तरकुलवा तिवारी गांव के पास गोरखपुर-महराजगंज मुख्य मार्ग पर सुबह टहल रहा युवक चार पहिया की चपेट में आ गया। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने बताया कि युवक अपने ससुराल आया हुआ था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद चालक वाहन समेत भाग गया।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अवरहीं बड़का टोला निवासी शिवा (35) अपने ससुराल श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के रुदलापुर में आए थे। बृहस्पतिवार की सुबह वह टहलने निकले। टहलते हुए गोरखपुर-महराजगंज मुख्य मार्ग पर तरकुलवा तिवारी के पास पहुंचे गए। इसी बीच शिवा तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए। इस हादसे में शिवा की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह कोहरा ज्यादा होने का लाभ उठाते हुए कार चालक वाहन लेकर भाग गए। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। उधर, शिवा की मौत होने पर सुसराल एवं घर के लोगों का रो रो कर बुरा हाल है।
इस संबंध में इंस्पेक्टर श्यामदेउरवा ज्ञानेंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।