सराफा व्यवसायी पर हमले में दो गिरफ्तार
बाइक, पिस्टल एवं एक कारतूस बरामद
एक अन्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। फरेंदा कस्बे में मिल गेट के सामने 18 सितंबर को पूजा ज्वेलर्स के मालिक संजय वर्मा को हमलावरों ने गोली मारकर घायल कर दिया था। घायल सराफा व्यवसायी को इलाज के लिए अस्पताल भेजने के साथ ही पुलिस जांच में जुट गई। घटना के आठ दिन बाद पुलिस व्यवसायी पर हमला करने के आरोपी तीन लोगों में से दो को गिरफ्तार करने का दावा किया। एक अन्य आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है। पकड़े गए आरोपियों के पास से बाइक, पिस्टल एवं एक कारतूस भी बरामद हुआ है।
एएसपी आशुतोष शुक्ल ने बुधवार को कार्यालय कक्ष में घटना को पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सराफा व्यवसायी संजय वर्मा बीते 18 सितंबर को फरेंदा कस्बे के मिल गेट के सामने स्थित अपनी दुकान बंद कर रात में घर जा रहे थे। इस बीच बाइक सवार होकर तीन लोग आए और संजय वर्मा पर प्राणघातक हमला कर दिए। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। घायल सराफा व्यवसायी की पत्नी अंजू वर्मा निवासी रहमान मार्केट वार्ड नंबर 8 की तहरीर पर तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना का पर्दाफाश करने के लिए पांच टीमें लगाई गई थीं। सीसीटीवी फुटेज, आसपास के लोगों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ी तो घटना के बारे में अहम सुराग मिले। मुखबिर की सूचना पर कैंपियरगंज गोरखपुर सीमा के पास स्थित वन ग्राम भारी वैसी के पास से रणधीर यादव निवासी डोहरिया थाना चिलुआताल जिला गोरखपुर एवं अजीत सिंह निवासी परसिया इंदरपुर थाना श्यामदेउरवा जिला महराजगंज को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि घटना को अंजाम देने के लिए पहले से योजना बनाई थी। रैकी के बाद पूरी जानकारी मिली तो 18 सितंबर की रात गोली मारकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी रणधीर के खिलाफ पनियरा, चिलुआताल थाने में हत्या समेत अन्य धाराओं में पहले से केस दर्ज दर्ज है। वहीं अजीत सिंह के खिलाफ पिपराइच, गुलहरिया एवं श्यामदेउरवा थाने में लूट समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज है।