सिसवा बाजार। रमपुरवां में शनिवार की शाम 6 बजे चुनावी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष में रविवार को पुलिस ने लक्ष्मण चौधरी के तहरीर पर 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर प्राण घातक हमला और बलवा करने सहित विभिन्न धाराओं में जेल भेज दिया।
शनिवार की शाम 6 बजे ग्राम सभा रमपुरवां निवासी कुंती देवी अपने पड़ोसी नगीना देवी के दरवाजे पर घर के बच्चों से शौच करा रही थी। नगीना देवी ने विरोध किया तो कुंती देवी भड़क गईं। विवाद बढ़ता गया और दोनों पक्ष में मारपीट होने लगी। कुंती देवी के परिवार के लोग उनके दरवाजे पर फरसा व रॉड से लैस होकर पहुंच गए और नगीना देवी, उनके पति लक्ष्मण चौधरी व विवाहिता पुत्री संजू पर जानलेवा हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। नगीना देवी अचेत हो गईं। गांव के लोगों ने उन्हें तथा अन्य घायलों को तत्काल सिसवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया।
नगीना देवी की नाजुक स्थिति देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। मामले में रविवार को कोठीभार पुलिस ने लक्ष्मण चौधरी के तहरीर पर कुंती देवी, खदेरु, कांति देवी, सोमारी, नीलू और मनीषा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।