सोनौली बॉर्डर पर चौकसी, पगडंडी रास्तों पर छूट
खाद, बीज व खाद्यान्नों की हो रही तस्करी
अमर उजाला ब्यूरो
नौतनवां। एक तरफ जहां सोनौली बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियां चौकस हैं वहीं दूसरी तरफ भारत-नेपाल सरहद के पगडंडी रास्तों पर सुरक्षा के कुछ खास इंतजाम नहीं है। जिसका फायदा उठाकर तस्कर खाद, बीज व खाद्यान्नों को तस्करी के माध्यम से नेपाल पहुंचा दे रहे हैं।
लोगों के मुताबिक सोनौली कोतवाली क्षेत्र का खनुआ, कैथवलिया उर्फ बरगदही, हरदीडाली, शेषफरेंदा व केवटलिया के पगडंडी रास्ते तस्करी के लिए सेफ जोन बन गए हैं। इन गांवों में खाद व बीज के गोदाम तक स्थापित कर लिए गए हैं। सबसे अधिक तस्करी नो मेंस लैंड के पिलर संख्या 518 से 529 के बीच के पगडंडी रास्तों से हो रही है। जहां एसएसबी की अस्थायी कैंप से करीब 10 मीटर की दूरी पर साइकिल व बाइक के जरिए तस्करी कर माल नेपाल भेजे जा रहे हैं। इस संबंध में एसएसबी 66वीं वाहिनी के डिप्टी कमांडेंट एसपी टुंडोप का कहना है तस्करी होने की जानकारी मिली है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।