गांगी बाजार। शनिवार को पनियरा थाना क्षेत्र में मुजुरी पनियरा मार्ग पर टेंपो पलटने से नौ लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से पीएचसी पनियरा लाया गया। डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल तीन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अनंतपुर मोथही के 11 बाढ़ पीड़ित राहत सामग्री लेने मुजुरी जा रहे थे। कौवाठोढ़ गांव के पास सामने बकरी का बच्चा आ गया। उसको बचाने में टेंपो गड्ढे में पलट गया।
घायलों की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों उनको टेंपो से बाहर निकाला और 108 नंबर एंबुलेंस से पीएचसी पनियरा लाया गया। चिकित्सकों ने घायल नौ लोगों में कुसुमीरा पत्नी चौथी, सुग्गी पत्नी राम अवध, गीता पत्नी संत बली, निशा पुत्री संतबली, उषा पुत्री बाबूराम और पांच वर्षीय बालक का उपचार कर छोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल बेलास (60) पुत्र भगहू, मैना (30) पत्नी सुरेश और आरती (35) पत्नी तूफानी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
नशे में मिले साठ युवक युवती पकड़े गए
सोनौली। नेपाल की बेलहिया पुलिस ने भारत से नशे की हालत नेपाल जाते समय सरहद पर साठ युवक-युवतियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद परिजनों को सौंप दिया। शनिवार की सुबह से ही सरहद पर नेपाल बेलहियां पुलिस एक अभियान के तहत सोनौली कस्बे से नेपाल वापस जाते समय संदिग्ध लग रहे युवक-युवतियों की जांच में साठ लोग नशे की हालत में पाए गए। पुलिस ने हिरासत में लेकर उन्हें पुलिस कार्यालय भैरहवां भेज दिया। बेलहिया सब इंस्पेक्टर राम बहादुर बनिया ने बताया कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साठ युवक-युवतियों को गिरफ्तार कर चेतावनी दी गई है। पुलिस कार्यालय में परिजनों को बुला कर उन्हें सौंपा जा रहा है।