सिसवा बाजार। कोठीभार थाने के पास बन रहे एक नवनिर्मित मकान में ठेका मजदूरी पर कार्य करने वाला मजदूर काम के दौरान छत की तीसरी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे साथी मजदूरों ने तुरंत कस्बे के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार कर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। निचलौल कस्बा निवासी रामायन प्रसाद का पुत्र पिंटू सिसवा कस्बा स्थित थाना कोठीभार के नजदीक एक नवनिर्मित मकान पर ठेका में काम करता है। मंगलवार की देर शाम पिंटू छत की तीसरी मंजिल पर शटरिंग का काम कर रहा था। इसी बीच उसका पैर फिसल गया और वो छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ कर रहे अन्य साथी दौड़कर निचे आए और पिंटू को लेकर तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। प्रभारी चिकित्साधिकारी ओमशिव मणि त्रिपाठी ने बताया कि पिंटू के बाएं पैर में दो जगह फ्रैक्चर है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।