नौतनवां (महराजगंज)। स्थानीय बाल्मिकी नगर की रहने वाली आसमा प्रवीन तीन तलाक पीड़िता हैं। सोमवार को वह तलाक का पत्र लेकर नौतनवां थाने में पहुंचकर अपनी समस्या का बताई। महिला के पति ने तलाक का पत्र भेजा तो वह परेशान हो गई। महिला ने दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप मढ़ा है।
आसमा प्रवीन निवासी वार्ड नंबर छह बाल्मीकी नगर नौतनवां की शादी नौशाद हुसैन के साथ 12 फरवरी 2011 को मिया बाजार थाना कोतवाली गोरखपुर में हुई थी। निकाह के बाद सब कुछ ठीक ठाक रहा। आरोप है कि एक साल बाद उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। इसके बाद वह नौतनवां अपने मां के यहां रहने चली आई। 9 मार्च 2018 को पति ने तलाक का पत्र पत्नी आसमा परवीन को भेजा तो सन्न रह गई।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने रजिस्टर्ड डाक द्वारा 9 मार्च 2018 को तलाक लिखकर पत्र भेजा है। महिला के पति नौशाद द्वारा भेजे गए तलाक के पत्र को लेकर वह नौतनवां थाने पहुंची। महिला का कहना है कि उसका पति कम दहेज मिलने के कारण आए दिन मारता पीटता था। मारपीट कर पति ने जबरिया लाकर मायके छोड़ दिया था। तब से पीड़िता अपने दो बच्चों के साथ अपने मायके रह रही है। उसने यह भी कहा कि पति के विरुद्ध महराजगंज न्यायालय में दहेज उत्पीड़न तथा भरण- पोषण का मामला चल रहा है। उक्त महिला ने नौतनवां थाने में तहरीर देकर पति खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करने की मांग की। इस संबंध में नौतनवां थाना प्रभारी अंशुमान यदुवंशी का कहना है कि महिला की तहरीर पर उसके पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न संबंधित मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।