महराजगंज/पुरंदरपुर। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के गांव देवपुर के हाइवे पर रविवार को देर शाम तेज रफ्तार कार की चपेट में आ जाने से 16 वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इसकदर हुआ कि तेज रफ्तार कार उसे साइकिल समेत 20 मीटर तक घसीट कर लेती चली गई। परिवार वाले उसे सीएचसी बनकटी ले गए। जहां पर डाक्टरों ने हालत गंभीर देख गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया है।
देवपुर निवासी जनार्दन की सोलह वर्षीय पुत्री नेहा रविवार को शाम लगभग पांच बजे पुरंदरपुर से ट्यूशन कर साइकिल से आ घर रही थी। जैसे ही नेहा गांव के हाइवे पर स्थित चौथी के घर के समीप पहुंची कि गोरखपुर से सोनौली की तरफ तेज रफ्तार से जा रही कार ने पीछे से उसको अपनी चपेट में ले लिया। कार की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि साइकिल समेत छात्रा को करीब बीस मीटर तक घसीटते हुए आगे निकल गई।
तेज रफ्तार कार में साइकिल और छात्रा के फंसे होने के कारण चालक को मजबूरन रुकना पड़ा। मौके पर पहुंचे घर वालों ने उसको गंभीर हालत में सीएचसी बनकटी पहुंचाया। वहां पर डाक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया है। इस संबंध में एसओ पुरंदरपुर अनिल कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।