ठूठीबारी। कोतवाली से सटे महज 50मीटर की दूरी पर बीती रात चोरों ने दो किराने की दुकान के ताले तोड़ चोरी की। इससे कस्बे के व्यापारियों में आक्रोश है। ठूठीबारी कोतवाली के दक्षिण पुराने शिव मंदिर जाने वाले मार्ग के पूरब थाने से महज 50मीटर की दूरी पर जयप्रकाश रौनियार का किराना स्टोर की दुकान है। बुधवार की शाम रोजाना की तरह अपनी दुकान बंद कर जयप्रकाश कस्बे में स्थित घर सोने के लिए चले गए बृहस्पतिवार की सुबह जब आसपास के लोगों की नजर उनके उठे हुए शटर पर पड़ा तो इसकी जानकारी पड़ोस के लोगों ने दुकानदार को दी। मौके पर पहुंचकर जब दुकानदार ने दुकान का शटर खोला तो गल्ले में रखा नगद लगभग 25000 रुपये चोर चुरा ले गए थे। दुकान का समान इधर उधर बिखरा पड़ा था। कोतवाली से डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर राजू मद्धेशिया के किराने की दुकान पर चोर हथौड़े से ताले को तोड़ने का प्रयास किया लेकिन लोगों की आहट से चोर भाग निकले। कोतवाल का कहना है कि जांच कर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।