सोनौली (महराजगंज)। नेपाल भैरहवा पुलिस ने भारत से नेपाल जाने वाले लोगों की जांच के दौरान एक भारतीय युवक के पास सोने के बिस्कुट के टुकडे़ बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इसकी कीमत 15 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस उपाधीक्षक बेल बहादुर पाण्डेय भैरहवा ने एक प्रेस वार्ता कर बताया की शुक्रवार की शाम पुलिस भैरहवा देव कोटा चौक पर भारत से नेपाल जाने वाले यात्रियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक युवक भारतीय नंबर की बाइक से तेजी से गल्ला मंडी की तरफ भाग रहा था जिसे दौड़ा कर पकड़ लिया गया और जांच में उसके जेब से 31 टुकड़े में 400 ग्राम चाइनीज सोना बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम विक्की वर्मा निवासी जायसवाल मुहल्ला नौतनवां बताया। वह सोना बुटवल एक दुकान से खरीद कर नौतनवां अपने दुकान पर बेचने ले जा रहा था लेकिन सोनौली सीमा पर एसएसबी की कड़ी जांच देख वह डर गया और वापस भैरहवा आकर फरेन्दी तिवारी गांव के रास्ते जा रहा था। उन्होंने बताया की सोना सीज कर युवक को भैरहवा कस्टम को सौंप दिया गया।