पूर्व एक्सईएन व ठेकेदार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
बांधों की मरम्मत के नाम पर सरकारी धन के बंदरबांट का आरो, वर्ष-201 में टेंडर में की गई थी अनियमितता
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। सिंचाई विभाग के पूर्व एक्सईएन और ठेकेदार के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर सरकारी धन के गबन का केस दर्ज हुआ है।
एक्सईएन सिंचाई खंड दो धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तत्कालीन एक्सईएन मुन्नालाल सचान और ठेकेदार नंदलाल के खिलाफ तहरीर देकर धोखाधड़ी समेत अन्य धारा के तहत केस दर्ज कराया गया है। उन्होंने बताया कि मामला 11 मई-2010 का है। उस वक्त पनियरा क्षेत्र के अनंतपुर बडहरा बांध छह किलोमीटर के उच्चीकरण के टेंडर में धांधली की गई थी। तत्कालीन एक्सईएन द्वारा दो पत्र पर टेंडर में दो अलग-अलग दर दर्शाया गया। जांच-पड़ताल में यह तथ्य सामने आया कि टेंडर में कूट रचित ढंग से गड़बड़ी कर लाभ लेने का प्रयास हुआ। पूर्व एक्सईएन मुन्नालाल सचान 3 मई-2010 से 21 जुलाई-2011 तक यहां तैनात रहे। जांच-पड़ताल में यह पता चला कि बांध के मरम्मत कार्य में सरकार धन का बंदरबाट किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद 31 जुलाई-2018 को कोतवाली में तहरीर दी गई। कोतवाल रामदवन मौर्य ने बताया कि पूर्व एक्सईएन मुन्नालाल सचान निवासी अलिगंज लखनऊ एवं ठेकेदार नंदलाल निवासी हंसखोरी महुअवां के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।