परतावल। स्थानीय कस्बे में आबादी के बीच शराब की दुकान खुलने के विरोध में लोग उग्र हो गए। दुकान खोलने आए शख्स को महिलाओं समेत लोगों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। कुछ देर तक पीटाई के बाद वह जान बचाकर किसी तरह से भाग निकला। देसी शराब की दुकान परतावल कस्बे में पुरैना मार्ग पर आबादी से बाहर रही लेकिन शुक्रवार को शराब की दुकान को उसी रोड पर आबादी के बीच लाया गया। इसकी जानकारी आस पास के लोगों को हुई तो सभी आक्रोशित हो उठे। बड़ी संख्या में महिलाएं समेत तमाम लोग इकट्ठे होकर शराब की दुकान को खोलने वाले शख्स को जमकर पीटा। जब वह जान बचाकर भाग निकला तो लोगों का आक्रोश कुछ नरम हुआ।
परतावल बाजार में स्थित देसी शराब की दुकान जो तीन महीने पहले ही अभी परतावल बाजार से हटाकर लगभग 500 मीटर की दुरी पर परतावल पुरैना मार्ग पर नौरंगा टोला के आगे नहर पर सिप्ट किया गया था। इसे परसा बुजुर्ग निवासी देवेन्द्र शर्मा परतावल बाजार के सटे ही अपने नए मकान में इस शराब की दुकान को खोलना चाहते थे। इस बात से लोग काफी नाराज थे। शुक्रवार को जैसे ही देवेंद्र शर्मा अपने नये मकान में शराब की दुकान शिफ्ट करना चाहा तो लोगों ने विरोध किया। इसके बाद उन्हें जमकर पीटा। वह किसी तरह जानबचाकर भागे तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। सूचना मिलते ही मौके पर आबकारी निरीक्षक जिलाजीत सिंह पहुंचे। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी मांग पर विचार किया जाएगा। इसके बाद लोगों का आक्रोश ठंडा हुआ।