नेपाल ले जा रहा 45 बोरी गेहूं-धान बरामद
बरगदवां। परसामलिक थाना क्षेत्र के सेवतरी गांव के पास भारत-नेपाल सीमा के पिलर संख्या 511/17 के पास एसएसबी जवानों ने बुधवार सुबह 45 बोरी गेहूं और धान के साथ एक व्यक्ति को पकड़ लिया। गेंहू और धान को निचलौल कस्टम विभाग को सौंप दिया गया। बुधवार सुबह झींगटी बीओपी के एसएसबी के जवान गश्त कर रहे थे। उसी दौरान दर्जनों की संख्या में लोग साइकिल पर गेहूं और धान लादकर नेपाल ले जा रहे थे। एसएसबी जवानों को देखते ही गेहूं सहित साइकिल छोड़कर लोग नेपाल सीमा में भाग गए। एक व्यक्ति को जवान पकड़ने में सफल रहा। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम राजेश निवासी परसामलिक बताया।बीओपी झिंगटी के इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति को सामान के साथ निचलौल कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है।