निचलौल (महराजगंज)। मंगलवार को सरस्वती देवी महाविद्यालय में प्रवेश पत्र लेने गए छात्रों और शिक्षक में मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीच बचाव कर मामले को शांत किया। घायल छात्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। जहां इलाज चल रहा है। पुलिस एक शिक्षक को पकड़कर थाने लाई।
बताया गया कि सरस्वती देवी महाविद्यालय निचलौल में भूगोल प्रथम वर्ष के छात्रों का प्रैक्टिकल चल रहा था। मंगलवार को प्रवेश पत्र देने के लिए छात्रों को बुलाया गया। छात्र पियूष व विवेक गुप्ता प्रवेश पत्र लेने महाविद्यालय गए। छात्र शिवम केडिया का भूगोल का प्रैक्टिकल चल रहा था। दोनों छात्र शिवम से पूछने चले गए कि परीक्षा हो गई हो तो घर चला जाए। तभी शिक्षक आशुतोष द्विवेदी ने छात्रों को टोक दिया। बाद में आने के लिए कहा। इसी बात को लेकर छात्रों व शिक्षक में तू तू-मैं मैं होने लगी। बात बढ़ने पर शिक्षकों ने मिलकर छात्रों को पीटना शुरु कर दिया। मारपीट में विवेक गुप्ता (21), शिव केडिया ( 22) व पियूष यादव (20) घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां इलाज चल रहा है। छात्रों के साथ मारपीट करने वाले शिक्षक आशुतोष द्विवेदी को पुलिस पकड़कर थाने लाई। पीड़ित छात्रों ने मेडिकल कराकर पुलिस को तहरीर दी है। इस सबंध में एसआई दुर्गेश कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है। जांचकर कार्रवाई की जाएगी। महाविद्यालय की प्राचार्य ज्योत्सना शुक्ला का कहना है कि प्रवेश पत्र लेने के लिए छात्र आए थे। भागने के दौरान छात्र गिरकर घायल हो गए। उन्हे किसी शिक्षक ने मारापीटा नहीं है।