नौतनवां। आरपीएफ एवं रेलवे विजिलेंस की टीम ने बृहस्पतिवार की शाम नगर के कई बर्तन दुकानों पर छापा मारकर गोरखपुर रेलवे पार्सल घर से चोरी के बर्तन बरामद किया है। इस मामले में एक दुकानदार को हिरासत में लिया है। बताया जाता है कि गोरखपुर रेलवे स्टेशन के पार्सल घर से बर्तन एवं अन्य सामान की चोरी के मामलों की जांच कर रहे आरपीएफ ने एक चोर को पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि वह रेलवे के पार्सल घर से बर्तनों को चुराकर गोरखपुर से बाहर कस्बों की दुकानों पर सस्ते दाम पर बेचा करता था। उसकी निशानदेही पर बृहस्पतिवार की शाम रेलवे की टीम ने सबसे पहले नगर जयहिंद चौराहे पर जय अंबे बर्तन स्टोर पर छापा मारा। यहां से भारी मात्रा में चोरी के बर्तन बरामद हुए। इसके बाद रेलवे की टीम ने दुकान के मालिक राजेश कसौधन को हिरासत में ले लिया। टीम का नेतृृत्व कर रहे आरपीएफ इंस्पेक्टर कृष्णानंद तिवारी ने बताया कि पकड़े गए चोर की निशानदेही पर कई दुकानों की जांच की जा रही है। जांच की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही बरामद सामान सहित एवं अन्य जानकारी दी जा सकेगी। खबर लिखते समय रेलवे की टीम कई दुकानों की जांच कर रही थी। इस दौरान आरपीएफ इंस्पेक्टर रवि कुमार, सब इंस्पेक्टर जसबीर सिंह सहित विजलेंस एवं आरपीएफ के जवान मौजूद रहे।